9:00 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी: जेवर हड़पने और मारपीट का मामला कोर्ट पहुंचा, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

उझानी: जेवर हड़पने और मारपीट का मामला कोर्ट पहुंचा, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप।

सास ने बहू समेत 6 लोगों पर दर्ज कराया वाद, SSP से शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई।

उझानी (बदायूँ) 22 जून ।

मोहल्ला नझियाई मदीना कॉलोनी निवासी एक महिला ने अपनी बहू और उसके मायके वालों पर बेटी की शादी के लिए रखे गए लाखों के जेवरात हड़पने व मारपीट का गंभीर आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण ली है। पीड़िता का आरोप है कि थाना उझानी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और SSP को शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़िता जुबैदा पत्नी शकील ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बदायूँ के समक्ष दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने बेटी शकीना की शादी के लिए सोने-चांदी के जेवरात खरीदकर बहू सन्नो पुत्री नवासे, निवासी ग्राम सिद्धपुर, थाना बिल्सी के पास अमानत के तौर पर रखे थे। सन्नो ने भरोसा दिलाया था कि शादी से पहले मांगने पर जेवर लौटा देगी। लेकिन जब जुबैदा ने बेटी की शादी तय होने पर जेवर मांगे तो सन्नो टाल-मटोल करने लगी और जेवर लौटाने से इनकार कर दिया।

दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 30.10.2025 की शाम करीब 7:30 बजे सन्नो अपने रिश्तेदार मौसी बब्बो पत्नी शाकिर, शाकिर पुत्र बातून शाह, साहिल पुत्र शाकिर तथा नाजिम पुत्र नवासे व शहाना पत्नी नवासे के साथ जुबैदा के घर पहुंची। आरोप है कि नाजिम के पास तमंचा और बाकी लोगों के पास डंडे थे। घर में घुसते ही सभी ने गालियां देते हुए जुबैदा को पीटना शुरू कर दिया। जब बेटा वकील बचाने आया तो उसे भी तमंचे की बट और डंडों से पीटा गया, जिससे उसके सिर, चेहरे व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों की जान बचाई।

जुबैदा का आरोप है कि बेटे वकील का जिला अस्पताल बदायूँ में मेडिकल और एक्स-रे कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट व एक्स-रे की रिपोर्ट थाना उझानी पुलिस ले गई, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और न ही आरोपियों पर कोई कार्रवाई हुई।

काफी प्रयास के बाद भी जब रिपोर्ट नहीं लिखी गई तो जुबैदा ने 28.04.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बदायूँ को स्पीड पोस्ट से प्रार्थना पत्र भेजा। लेकिन तब भी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने 20.05.2026 को धारा 173(4) B.N.S.S. के तहत माननीय न्यायालय में वाद दायर कर न्याय की गुहार लगाई है।

कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच के लिए उपनिरीक्षक राकेश कुमार को नियुक्त किया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस