बदायूं
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर चला बाल श्रम विरोधी जागरूकता अभियान, यात्रियों व कर्मचारियों ने किए हस्ताक्षर
केशव गुप्ता
बदायूं, 22 जून। जनपद बदायूं में बाल विवाह मुक्त भारत कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित संस्था काशी समाज शिक्षा विकास संस्थान की टीम ने जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन्स एलायंस के सहयोग से बाल श्रम विरोधी जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत बदायूं बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर यात्रियों, कर्मचारियों और वेंडरों को बाल श्रम के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
बस स्टैंड पर उपस्थित यात्रियों एवं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के कर्मचारियों को पंपलेट वितरित कर बाल श्रम उन्मूलन की जानकारी दी गई तथा हस्ताक्षर अभियान में शामिल किया गया।
इसके बाद टीम ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेलवे कर्मचारियों, आरपीएफ एवं जीआरपी स्टाफ, चाय-पान, पानी, समोसा व अन्य खाद्य सामग्री विक्रेताओं तथा ट्रेन से आने-जाने वाले यात्रियों को पंपलेट वितरित किए। अभियान के दौरान लोगों को बाल श्रम, बाल तस्करी और बच्चों के अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा बाल श्रम विरोधी हस्ताक्षर अभियान में भागीदारी कराई गई।
संस्था के प्रतिनिधियों ने लोगों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 एवं जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन हेल्पलाइन 18001027222 की जानकारी देते हुए अपील की कि यदि कोई बच्चा बाल श्रम या बाल तस्करी का शिकार होता दिखाई दे तो तत्काल इन टोल फ्री नंबरों पर सूचना दें, ताकि बच्चों का बचपन सुरक्षित रखा जा सके।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने सहभागिता कर बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

