NEET 2026: डॉक्टर बनने का ‘महासंग्राम’ खत्म, 1 सरकारी सीट पर 36 दावेदारों की ठोकी ताल।
22.79 लाख छात्रों की किस्मत EVM में नहीं, OMR में कैद; 450 सरकारी कॉलेजों में सिर्फ 63,160 सीटें।
पिता ने बेचा खेत, मां ने गिरवी रखे गहने: बदायूं के सेंटर पर दिखा सपनों का सैलाब।
बदांयू 21 जून।
देश का सबसे बड़ा मेडिकल ‘महाकुंभ’ रविवार शाम को खत्म हो गया। NEET-2026 की परीक्षा में 22.79 लाख से ज्यादा भावी डॉक्टरों ने अपनी किस्मत आजमाई। दोपहर 2 बजे से 5:20 बजे तक चली इस 3 घंटे 20 मिनट की परीक्षा ने लाखों घरों की धड़कनें बढ़ा दीं।
गणित समझिए, टेंशन समझ आएगी

देश में कुल MBBS सीटें हैं 1,29,603। इसमें से सरकारी मेडिकल कॉलेज सिर्फ 450 हैं जिनमें सीटें हैं महज 63,160। यानी 22.79 लाख छात्रों में से सिर्फ 2.77% को ही सरकारी कॉलेज नसीब होगा। बाकी 337 निजी व डीम्ड कॉलेजों में 66,443 सीटें हैं, पर वहां 1 साल की फीस 15 लाख से 1 करोड़ तक है।
एक सरकारी MBBS सीट = 36 छात्रों के बीच जंग। इसी वजह से हर माता-पिता की पहली चाहत सरकारी सीट है।
बदायूं में सुबह 10 बजे से लगी कतारें
जिले के परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से ही छात्रों और परिजनों का हुजूम उमड़ पड़ा। कड़ी सुरक्षा के बीच 12 बजे एंट्री शुरू हुई। 1:30 बजे मेन गेट सील। GGIC सेंटर पर बिसौली से आए किसान रामस्वरूप अपनी बेटी को छोड़ने आए थे। बोले, “2 बीघा जमीन बेचकर कोचिंग कराई है साहब। बिटिया का डॉक्टर बनना ही हमारा सपना है।”
वहीं एक मां ने बताया कि उन्होंने बेटे की पढ़ाई के लिए अपने गहने गिरवी रख दिए। सेंटर के बाहर गेट पर खड़े हर चेहरे पर उम्मीद और आंखों में डर साफ दिख रहा था।
‘ऑपरेशन क्लीन NEET’: NTA का चक्रव्यूह
पेपर लीक के दाग धोने के लिए NTA इस बार फुल अलर्ट पर थी। हर कमरे में जैमर, CCTV, बायोमेट्रिक अटेंडेंस, फेस रिकग्निशन और मेटल डिटेक्टर। DM अवनीश राय और SSP अंकिता शर्मा ने खुद सेंटरों का दौरा किया। डीएम बोले, “एक भी गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं। छात्रों की मेहनत पर डाका नहीं पड़ने देंगे।”
पेपर कैसा आया? पहली प्रतिक्रिया
5:20 बजे पेपर देकर निकले छात्रों के चेहरे से ही पेपर का लेवल पता चल गया। बिल्सी के छात्र रानू ने कहा, “बायो NCERT से थी, आसान थी। केमिस्ट्री मीडियम, पर फिजिक्स ने पूरा खेल खराब कर दिया। लंबी कैलकुलेशन थी।” दातागंज की नेहा बोली, “650+ स्कोर होगा तो ही सरकारी कॉलेज की उम्मीद है। कटऑफ बहुत हाई जाएगी।”
कोचिंग एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि जनरल कैटेगरी में 655-665 और OBC में 640-650 तक सरकारी MBBS मिल सकती है।
अब आगे क्या?
NTA 48 घंटे में प्रोविजनल आंसर-की जारी करेगा। रिजल्ट जुलाई के दूसरे हफ्ते तक संभावित है। उसके बाद MCC की 15% ऑल इंडिया कोटा और स्टेट की 85% सीटों के लिए काउंसिलिंग होगी।


—
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

