प्राथमिक विद्यालय मियागंज प्राचीन में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
जगत (बदायूं)।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकास क्षेत्र जगत के प्राथमिक विद्यालय मियागंज प्राचीन में शनिवार को योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका नंदिनी बरनवाल ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सभी ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर योग के महत्व को समझा। विद्यार्थियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बच्चों ने योग विषयक कविताओं, प्रेरक विचारों एवं स्वास्थ्य जागरूकता संदेशों की सुंदर प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को और भी प्रेरणादायक बनाया। इंचार्ज प्रधानाध्यापिका नंदिनी बरनवाल ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त एवं आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनाती है। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने प्रतिदिन योग करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर सहायक अध्यापिका साक्षी गुप्ता एवं शिक्षामित्र सुरेंद्र पाल सिंह सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।





badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com