“।
सहसवान में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, CMO बोले- मरीजों की जान से खेलने वाले नहीं बचेंगे।
सहसवान बदायूं 20 जून।
अकबराबाद चौराहे पर ‘नवजीवन’ के नाम से मौत बांट रहे अवैध अस्पताल का पर्दाफाश हो गया। शनिवार को नायब तहसीलदार मोहित कुमार और डॉ. प्रशांत त्यागी की संयुक्त टीम ने छापा मारा तो अस्पताल के पास रजिस्ट्रेशन का एक कागज तक नहीं मिला। कार्रवाई की भनक लगते ही संचालक दुष्यंत कुमार अस्पताल पर ताला जड़कर मौके से फरार हो गया।
CM पोर्टल की शिकायत ने खोली पोल
मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत मिली थी कि यहां बिना डिग्री-लाइसेंस के मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ हो रहा है। जांच में आरोप सही पाए गए। टीम ने जब पंजीकरण के दस्तावेज मांगे तो संचालक की बोलती बंद हो गई। नेशनल मेडिकल कमीशन एक्ट के तहत कोतवाली सहसवान में केस दर्ज कर लिया गया है।
सील करने पहुंची टीम, संचालक हुआ नौ-दो-ग्यारह
स्वास्थ्य विभाग की टीम जैसे ही अस्पताल सील करने पहुंची, संचालक शटर गिराकर भाग निकला। डॉ. प्रशांत त्यागी ने कहा कि पुलिस को अस्पताल पर पैनी नजर रखने को कहा गया है। खुलते ही सील कर दिया जाएगा।
CMO की दो टूक: एक-एक फर्जी अस्पताल बंद करेंगे
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास शर्मा ने चेतावनी दी कि जिले में बिना रजिस्ट्रेशन या रिन्यूअल के चल रहे एक भी अस्पताल को बख्शा नहीं जाएगा। मरीजों की जान से समझौता बर्दाश्त नहीं। झोलाछाप डॉक्टरों और फर्जी अस्पतालों का खेल खत्म करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।
टीम में कौन-कौन था मौजूद
छापेमारी में नायब तहसीलदार मोहित कुमार, डॉ. प्रशांत त्यागी के साथ अशफाक अली, कृष्ण वल्लभ चतुर्वेदी, देश दीपक शंखधार और सलीम समेत कई स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहे।\



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

