चोरी के आरोपी को खंभे से बांधकर दी गई ‘तालिबानी सजा’, थाने में तहरीर देकर घर पहुंची बेटी को दबंगों ने जमकर पीटा बचाने आए चाचा से भी की मारपीट का वीडियो शोशल मीडिया पर हो रहा वायरल
युवक को पीतल की परात सहित चोरी में जेल भेजा
एक माह पूर्व गांव में दो जगह हुई चोरियों में युवक का नाम शामिल किया ।
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव दुगरैय्या में चोरी के आरोपी बताए जा रहे एक युवक को खंभे से बांधकर पीटने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि युवक की बेटी द्वारा थाने में तहरीर देने के बाद दबंगों ने उसके साथ भी मारपीट की, जबकि बचाने आए उसके चाचा को रास्ते में घेरकर पीटा गया। दोनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार गांव दुगरैय्या निवासी राजेश पुत्र ताराचंद्र को गांव के कुछ लोगों ने चोरी के शक में पकड़ लिया और रस्सी से खंभे से बांधकर उसकी जमकर पिटाई की। बताया जा रहा है कि गांव में करीब तीन माह पूर्व हुई चोरी की घटनाओं को लेकर कुछ लोगों को राजेश पर शक था। हालांकि परिजनों का कहना है कि उस समय वह गांव से बाहर रहकर मजदूरी कर रहा था। हाल ही में गांव लौटने पर उसे पकड़कर कथित तौर पर सरेआम सजा दी गई।
राजेश की पुत्री अंजू पत्नी मोहित ने थाना कुंवरगांव में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के आधा दर्जन लोगों ने उसके पिता को खंभे से बांधकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि वृहस्पतिवार देर शाम वह थाने में तहरीर देने के बाद जब वह घर लौटी तो दबंगों ने उसके साथ भी मारपीट की।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसके चाचा बब्लू जब मामले में हस्तक्षेप करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें अंबेडकर पार्क के सामने रास्ते में घेर लिया और लाठी डंडों से जमकर पीटा। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामा और उत्पात मचाया गया। घटना के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।उधर पुलिस ने राजेश को चोरी का आरोपी मानते हुए सुभाष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस ने राजेश का नाम गांव में 15/16 मई की रात निघत पत्नी नत्थू तथा सफी मोहम्मद के घर हुई चोरी की घटनाओं में भी शामिल किया है। थाना कुंवर गांव पुलिस ने हाल ही में राजेश को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं का खुलासा करके आरोपी की निशानदेही पर चोरी की एक पीली धातु की बड़ी परात तथा 10 हजार रुपये नकद बरामदगी दिखाई है पूछताछ में उसने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की थी।
पुलिस ने राजेश का आपराधिक इतिहास भी खंगाला है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि राजेश पर चोरी के आरोप थे तो उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जानी चाहिए थी, न कि कानून को हाथ में लेकर सार्वजनिक रूप से मारपीट की जाती।
फिलहाल पुलिस को दोनों पक्षों से संबंधित शिकायत मिली हैं और मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो तथा तहरीर के आधार पर आगे की कार्यवाही की बात कही जा रही है।।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

