10:16 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

24 घंटे में दो गुमशुदगी का खुलासा: उझानी से लापता कन्हैया कासगंज से मिला

24 घंटे में दो गुमशुदगी का खुलासा: उझानी से लापता कन्हैया कासगंज से मिला, ले जाने वाला ओमपाल भी निकला लापता।

उझानी-बदांयू 16 जून।

उझानी पुलिस की तत्परता से 24 घंटे के अंदर दो परिवारों की खुशियां लौट आईं। सोमवार दोपहर गांव ठिरिया से लापता हुए 8 वर्षीय कन्हैया को पुलिस ने मंगलवार सुबह कासगंज से सकुशल बरामद कर लिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि बच्चे को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला युवक सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सिकलापुर निवासी ओमपाल पुत्र द्वारकी खुद भी एक सप्ताह से लापता था। पुलिस टीम कन्हैया और ओमपाल दोनों को कासगंज से उझानी लेकर आ रही है।

ग्राम पंचायत तेहरा के गांव ठिरिया निवासी शांतिदास शर्मा का 8 वर्षीय पुत्र कन्हैया सोमवार दोपहर घर के बाहर खेल रहा था। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय गांव में एक नशेड़ी प्रवृत्ति का अज्ञात युवक घूम रहा था। लोगों ने उसे गांव से जाने को भी कहा था। आशंका जताई गई कि वही युवक बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।

बच्चे के गायब होने के बाद परिजन और सैकड़ों ग्रामीण टॉर्च लेकर पूरी रात खेत-खलिहान और नहर-पटरी पर उसे ढूंढते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। देर रात थक-हारकर पिता शांतिदास शर्मा ने उझानी कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर रात में ही सबइंस्पेक्टर रवीन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर दी।

ग्रामीणों ने जिस युवक पर शक जताया था, उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। उधर पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मंगलवार तड़के पुलिस को कन्हैया के कासगंज में होने का इनपुट मिला। उझानी पुलिस की एक टीम तुरंत कासगंज के लिए रवाना हो गई।

कासगंज में पुलिस को कन्हैया एक युवक के साथ मिला। पूछताछ में युवक की पहचान ओमपाल पुत्र द्वारकी, निवासी सिकलापुर, थाना सिविल लाइन, बदायूं के रूप में हुई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ओमपाल मानसिक रूप से कमजोर है और वह खुद भी बीते एक सप्ताह से घर से लापता था। उसके परिजनों ने सिविल लाइंस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

सबइंस्पेक्टर रवीन्द्र सिंह ने बताया कि ओमपाल बच्चे को नुकसान पहुंचाने की नीयत से नहीं ले गया था। वह मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण कन्हैया को बहलाकर अपने साथ कासगंज ले गया। फिलहाल पुलिस ने कन्हैया को सकुशल बरामद कर लिया है। ओमपाल की मेडिकल जांच कराई जा रही है। पुलिस टीम दोनों को परिजनों , विश्व हिन्दू परिषद के जिला उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा के साथ उझानी लेकर आ रही है। कन्हैया को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा, जबकि ओमपाल को उसके परिजनों को सौंपा जाएगा।

कन्हैया के सकुशल मिलने की खबर मिलते ही ठिरिया गांव में जश्न का माहौल बन गया। परिजनों ने राहत की सांस ली और गांव में मिठाई बांटी गई। ग्रामीणों ने 24 घंटे के अंदर बच्चे को बरामद करने पर उझानी पुलिस की जमकर तारीफ की। पिता शांतिदास ने कहा, “पुलिस न होती तो मेरा बेटा नहीं मिलता।”

— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस