बदायूं
10 सूत्रीय मांगों को लेकर विकास भवन पर गरजे ग्राम रोजगार सेवक, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
केशव गुप्ता
बदायूं। अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने सोमवार को विकास भवन परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। रोजगार सेवकों ने पदयात्रा निकालकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा और सरकार से शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान रोजगार सेवकों ने कहा कि वे पिछले 17 वर्षों से ग्रामीण विकास और मनरेगा योजनाओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें नियमित नहीं किया गया है। उन्होंने सरकार से नियमितीकरण कर राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, बकाया मानदेय का भुगतान करने तथा सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
रोजगार सेवकों ने कहा कि उनकी 10 सूत्रीय मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिससे प्रदेश भर के हजारों कर्मचारी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश स्तर पर लखनऊ में विशाल धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
प्रदर्शन के दौरान रोजगार सेवकों ने एक स्वर में नारा लगाया— “17 वर्षों की सेवा का सम्मान दो, नियमितीकरण कर राज्य कर्मचारी का दर्जा दो।” ज्ञापन सौंपने के बाद संगठन पदाधिकारियों ने सरकार से कर्मचारियों के हित में त्वरित निर्णय लेने की अपील की।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

