बदायूं
केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सालारपुर में लगा जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला
सिलहरी से पीएस पटेल की रिपोर्ट
केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक चलाए जा रहे समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत विकास खंड सालारपुर में 14 से 16 जून तक जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने फीता काटकर किया।
मेले में स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, मनरेगा, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, फैमिली आईडी, कृषि विभाग, बाल विकास एवं महिला कल्याण, समाज कल्याण तथा खाद्य एवं रसद विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि केन्द्र सरकार के 12 वर्ष केवल एक कार्यकाल का पड़ाव नहीं, बल्कि सुशासन, विकास और जनकल्याण की दिशा में हासिल उपलब्धियों का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व पटल पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। क्षेत्र में भी सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिनका लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम में प्रमुख पति अनेकपाल सिंह, खंड विकास अधिकारी नितिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिंह ने किया।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com