भाई से विवाद के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक
एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहटा गुंसाई में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ कोतवाली ले गई।
जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान गांव निवासी गौरव पुरी के रूप में हुई है। नीचे उतरने के बाद गौरव ने आरोप लगाया कि उसके छोटे भाई ने उसके साथ बेवजह मारपीट की थी। इसी बात से आहत होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने पुलिस से मामले में न्याय दिलाने की मांग की।
वहीं, गांव निवासी सुमित गुप्ता का कहना है कि गौरव पुरी मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उनका कहना था कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उसने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ। इस दौरान पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों की सांसें अटकी रहीं। युवक के सुरक्षित नीचे उतरने पर सभी ने राहत की सांस ली।
उपनिरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि गौरव पुरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा युवक से पूछताछ की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

