बदायूं
बदायूँ में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान बड़ा हादसा: छात्रा पर गिरा छत का सीमेंट, केंद्र में मचा हड़कंप
केशव गुप्ता
पुलिस भर्ती परीक्षा के बीच जर्जर भवन की खुली पोल, बेहोश हुई परीक्षार्थी को अस्पताल भेजा गया, सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल
बदायूँ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के दौरान बदायूँ के एक परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परीक्षा दे रही एक छात्रा के ऊपर अचानक छत (लिंटर) का सीमेंट और प्लास्टर गिर पड़ा। हादसे में छात्रा घायल होकर बेहोश हो गई, जिसके बाद परीक्षा कक्ष में मौजूद अभ्यर्थियों और स्टाफ में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परीक्षा चल रही थी कि तभी भवन की जर्जर छत से सीमेंट का हिस्सा टूटकर सीधे छात्रा पर आ गिरा। घटना के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। केंद्र प्रशासन ने तत्काल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
घटना के बाद परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और भवन की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अभ्यर्थियों और उनके परिजनों का कहना है कि लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण परीक्षा ऐसे जर्जर भवनों में कराना उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। यदि समय रहते भवनों की जांच की गई होती तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।
परीक्षा केंद्र पर मौजूद अभ्यर्थियों में हादसे के बाद भय का माहौल देखने को मिला। कई परीक्षार्थियों ने भवन की स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सभी परीक्षा केंद्रों की तत्काल जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल छात्रा का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और परीक्षा केंद्रों के चयन एवं सुरक्षा मानकों को लेकर नई बहस छिड़ गई है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच कराए जाने की बात कही जा रही है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

