3:47 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बारिश का डर, मक्का पर कहर: उझानी में किसानों की आंखें भी नम, जेब भी नम

बारिश का डर, मक्का पर कहर: उझानी में किसानों की आंखें भी नम, जेब भी नम।

उझानी बदांयू 10 जून।

बेमौसम बारिश की आशंका ने उझानी क्षेत्र के मक्का किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। फसल खराब होने के डर से जल्द कटाई कर ली, लेकिन दानों में 40% तक नमी रह गई। नतीजा- मंडी में औने-पौने दाम मिल रहे हैं।

सरकार ने मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2410 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, मगर नमी के चलते किसान 1200 से 1850 रुपये प्रति क्विंटल पर फसल बेचने को मजबूर हैं। गांव अब्दुल्ला गंज के किसान रामबहादुर ने बताया कि 60 क्विंटल मक्का 1461 रुपये के भाव बिकी, जिससे MSP के हिसाब से 59,640 रुपये का नुकसान हुआ। वहीं नरऊ के किसान राजेन्द्र सिंह को 50 क्विंटल फसल 1850 रुपये में बेचनी पड़ी, 28 हजार का घाटा लगा।

आढ़तियों का कहना है कि ज्यादा नमी वाली मक्का का भंडारण नामुमकिन है, वह तुरंत काली पड़कर सड़ जाती है। इसलिए व्यापारी जोखिम नहीं ले रहे। मंडी में जगह की कमी के चलते किसान सड़क पर मक्का सुखा रहे हैं। ऊपर से सुखाने की मजदूरी 100 रुपये प्रति क्विंटल अलग देनी पड़ रही है।

15 जून से शुरू होगी सरकारी खरीद

डिप्टी आरएमओ ने किसानों को सलाह दी है कि फसल को खेत में थोड़ा और पकने दें। 15 जून से जिले के क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू होगी। सूखी और मानक वाली मक्का पर 2410 रुपये प्रति क्विंटल का पूरा दाम मिलेगा।

नमी पर मंडी का भाव
– 40% नमी: 1,200 रु/क्विंटल
– 30% नमी: 1,400 रु/क्विंटल
– 20% नमी: 1,650 रु/क्विंटल
– 10% नमी: 1,900 रु/क्विंटल

उझानी क्षेत्र में करीब 7 हजार हेक्टेयर में मक्का की बुआई हुई है। रोजाना दो से चार हजार क्विंटल आवक हो रही है, लेकिन भाव न मिलने से किसान मायूस हैं।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस