बदायूं
दुष्कर्म के प्रयास का विरोध पड़ा भारी: गर्भवती महिला को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, गर्भपात होने पर SSP से लगाई न्याय की गुहार
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद बदायूं के कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला लोटनपुरा में एक गर्भवती महिला के साथ कथित तौर पर हुई हैवानियत का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर दबंगों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके गर्भ में पल रहा डेढ़ माह का शिशु नष्ट हो गया। मामले में कार्रवाई न होने से परेशान महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार, बीती 11 मई की रात वह मजदूरी कर अपने किराए के मकान पर लौटी थी। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक जबरन उसके घर में घुस आया और अंदर से दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। महिला द्वारा विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला।
महिला का आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी अपने परिजनों तथा अन्य लोगों को साथ लेकर वापस आया और उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का कहना है कि उसे सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। घटना का वीडियो भी मौजूद है, जो उसके मोबाइल फोन में सुरक्षित है।
शिकायती पत्र में महिला ने बताया कि वह उस समय गर्भवती थी। मारपीट के दौरान उसके पेट में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उपचार के दौरान चिकित्सकों को गर्भपात कराना पड़ा और उसका लगभग डेढ़ माह का गर्भ नष्ट हो गया।
पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि नामजद आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने के कारण पुलिस ने मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने के बाद उसने SSP से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में पहुंच गया है और पीड़िता को निष्पक्ष जांच एवं न्याय मिलने की उम्मीद है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

