12:43 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

PDA आरक्षण घोटाले को लेकर सपा का सरकार पर बड़ा हमला, बदायूं में जारी की ‘ब्लैक बुक’

बदायूं

PDA आरक्षण घोटाले को लेकर सपा का सरकार पर बड़ा हमला, बदायूं में जारी की ‘ब्लैक बुक’

केशव गुप्ता

22 सरकारी भर्तियों में आरक्षण नियमों की अनदेखी का आरोप, सपा बोली— पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों का हक छीना जा रहा

बदायूं। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आरक्षण के मुद्दे पर बड़ा राजनीतिक मोर्चा खोलते हुए सोमवार को बदायूं स्थित पार्टी कार्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान सपा नेताओं ने “PDA आरक्षण घोटाला” नामक एक पुस्तिका (ब्लैक बुक) जारी कर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं का दावा है कि प्रदेश की 22 विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग के अभ्यर्थियों के आरक्षण अधिकारों की अनदेखी की गई है।
प्रेस वार्ता में सपा नेताओं ने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रियाओं में आरक्षण नियमों का सही ढंग से पालन नहीं कर रही है, जिससे लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण व्यवस्था को कमजोर कर सामाजिक न्याय की भावना पर चोट पहुंचाई जा रही है।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में “PDA आरक्षण घोटाला” लिखे पोस्टर और पुस्तिकाएं लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में इस मुद्दे को गांव-गांव तक पहुंचाएगी और शोषित, वंचित तथा पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
सपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के युवाओं के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। पार्टी इस कथित घोटाले की सच्चाई जनता के सामने लाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।


विज्ञापन एक्सप्रेस