बदायूं
खेत की कंटीली बाड़ बनी मौत का जाल: करंट की चपेट में आकर युवा किसान की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
बदायूं। उघैती थाना क्षेत्र के दम्मीनगर गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खेत की घेराबंदी के लिए लगाए गए कंटीले तारों में उतरे विद्युत करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवा किसान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान दम्मीनगर निवासी राजीव (28 वर्ष) पुत्र रामदत्त के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राजीव सोमवार को अपने खेत पर मक्का की रोपाई के कार्य से गया था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
मंगलवार सुबह जब परिवार के लोग उसे खोजते हुए खेत पर पहुंचे तो राजीव का शव खेत की घेराबंदी में लगे कंटीले तारों के पास पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि किसी कारणवश कंटीले तारों में बिजली का करंट प्रवाहित हो गया था, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उघैती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि राजीव खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी और उसका एक छोटा बेटा भी है। राजीव परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी असमय मौत से पत्नी, पुत्र और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने खेतों के आसपास झूल रहे बिजली के तारों और विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बिजली विभाग से तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।
उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

