बदायूं
उधार सामान मांगने पर किराना दुकानदार दंपति से मारपीट, थाने में दी तहरीर
केशव गुप्ता
बदायूं। थाना जरीफनगर क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर कला में एक किराना दुकानदार महिला ने गांव के ही तीन लोगों पर उधार का सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना जरीफनगर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम रसूलपुर कला निवासी ब्रमादेवी पत्नी महीपाल के अनुसार सोमवार शाम करीब छह बजे वह अपनी किराना दुकान पर बैठी थीं। आरोप है कि गांव के ही ओमवीर पुत्र जुंगली, विजय पुत्र पूसन तथा एक अन्य व्यक्ति दुकान से सामान लेकर चले गए और पैसे नहीं दिए। जब उन्होंने सामान के पैसे मांगे तो आरोपित आगबबूला हो गए।
पीड़िता का कहना है कि आरोपितों ने उनके साथ तथा मौके पर मौजूद उनके पति महीपाल के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना में दोनों को चोटें आई हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे वह और उनका परिवार भयभीत है।
पीड़िता ने थाना जरीफनगर पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

