12:44 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में कड़ी सुरक्षा के बीच सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू, 15 केंद्रों पर 33,984 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम

तीन दिन, छह पालियों में होगी परीक्षा; सघन तलाशी और बायोमेट्रिक जांच के बाद मिला प्रवेश।

बदायूं 8 जून ।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा सोमवार को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई।

जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर कुल 33,984 अभ्यर्थी शामिल होंगे। तीन दिवसीय यह परीक्षा छह पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रत्येक पाली में 5,664 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सुबह से ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कतार लग गई थी।

सघन तलाशी के बाद मिला प्रवेश

प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई। बायोमेट्रिक सत्यापन, रेटिना स्कैन और फिंगरप्रिंट मिलान के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रवेश पत्र, आधार कार्ड तथा काले या नीले डॉट पेन के अलावा कोई भी वस्तु केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं थी। बालों में हाथ फेरकर और कान में उंगली डालकर भी जांच की गई।

त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था

परीक्षा को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 500 से अधिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात हैं। एसटीएफ की निगरानी में प्रश्नपत्र स्ट्रांग रूम पहुंचाए गए। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।

अभ्यर्थियों के लिए इंतजाम

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था की है। सभी केंद्रों पर प्राथमिक उपचार के लिए दवाइयों की किट उपलब्ध कराई गई है। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस