बदायूं
रसोई गैस मूल्य वृद्धि के विरोध पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव हिरासत में, कार्यकर्ताओं में रोष
केशव गुप्ता
उसहैत (बदायूं)। रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को उसहैत पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अजीत यादव भी शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, बदायूं जनपद की 117 दातागंज विधानसभा क्षेत्र के उसहैत कस्बे में कांग्रेस कार्यकर्ता रसोई गैस की मूल्य वृद्धि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों में हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की।
इसी दौरान पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए हस्तक्षेप किया और जिलाध्यक्ष अजीत यादव समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर उसहैत थाने पहुंचा दिया। खबर लिखे जाने तक सभी नेता और कार्यकर्ता थाने में मौजूद थे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज उठाना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है और सरकार जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डाल रही है। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध जताया है। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

