बदायूं
रंगदारी न देने पर दबंगों का कहर: पीएम आवास की दीवारें ढहाईं, महिलाओं से अभद्रता का आरोप
केशव गुप्ता
वजीरगंज (बदायूं)। नगर पंचायत सैदपुर के वार्ड नंबर-1 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकान को लेकर दबंगई और रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लाख रुपये की रंगदारी न देने पर भू-माफियाओं ने निर्माणाधीन मकान पर हमला बोल दिया। दबंगों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की, मकान की दीवारें और दरवाजे क्षतिग्रस्त कर दिए तथा महिलाओं के साथ अभद्रता की। पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़ित वेदप्रकाश पुत्र रामगोपाल ने थाना वजीरगंज पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपना मकान बनवा रहे हैं। मकान की दीवारें लगभग चार से पांच फीट तक तैयार हो चुकी थीं और दरवाजे भी लगाए जा चुके थे। आरोप है कि शुभम पुत्र श्रीकृष्ण, पुष्पांजलि पत्नी श्रीकृष्ण, नितिन समेत 10 से 15 अज्ञात लोग लंबे समय से उनसे दो लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। आरोपियों ने रकम न देने पर निर्माण कार्य रुकवाने और मकान गिराने की धमकी भी दी थी।
पीड़ित के मुताबिक 6 जून की रात करीब 9:20 बजे आरोपी एकजुट होकर उनके घर पहुंच गए और निर्माणाधीन मकान में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने मकान की दीवारें ढहा दीं, दरवाजे तोड़ दिए और ईंट-पत्थर फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की। जब घर की महिलाओं ने विरोध किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। घटना में परिवार के कई सदस्य घायल होने की भी बात कही गई है।
वेदप्रकाश का कहना है कि इस घटना के बाद पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना का वीडियो साक्ष्य भी उनके पास मौजूद है, जिसमें आरोपी मकान की दीवारें और दरवाजे तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस से तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर प्राप्त हो चुकी है और आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com