11:07 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

सुरक्षित जोन’ में डबल मर्डर पर परिजनों का फूटा गुस्सा: SSP दफ्तर पहुंचा गुप्ता परिवार, बोले….

‘सुरक्षित जोन’ में डबल मर्डर पर परिजनों का फूटा गुस्सा: SSP दफ्तर पहुंचा गुप्ता परिवार, बोले- ‘फास्ट ट्रैक में फांसी दो!’

बदायूं, 06 जून 2026।

एचपीसीएल के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड ने शनिवार को फिर सुर्खियां बटोरीं। मृतक अफसर सुधीर गुप्ता का परिवार सीधे SSP अंकिता शर्मा के दरवाजे जा पहुंचा। हाथ में सवाल, आंखों में आंसू और जुबां पर एक ही मांग- ‘दोषियों को ऐसी सजा मिले कि बदायूं कांप जाए!’

‘सिक्योरिटी वाले प्लांट में खून कैसे बहा?’

SSP आवास के बाहर खड़े परिजनों ने सबसे बड़ा सवाल दागा। पत्नी रश्मि गुप्ता बोलीं, “जहां चिड़िया भी परमिशन लेकर घुसती है, वहां दिनदहाड़े दो अफसरों को मार दिया गया। आखिर क्यों? पुलिस चार्जशीट तो बताए।” भाई रजित और अनुराग गुप्ता ने दो-टूक कहा- ‘83 दिन बाद 755 पन्नों की चार्जशीट दाखिल हुई है, अब देरी नहीं चाहिए।’

SSP का वादा: ‘फास्ट ट्रैक में चलेगा केस, पैरवी होगी तगड़ी’

SSP अंकिता शर्मा ने परिवार को भरोसा दिया कि केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में जाएगा। “विवेचना पूरी है, अब कोर्ट में ऐसी पैरवी होगी कि गुनहगार बच न पाएं”, SSP ने कहा। पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी अजय प्रताप के परिवार पर 300 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। ताऊ की 27 दुकानों पर बुलडोजर और 1 करोड़ जुर्माने की कार्रवाई भी हो चुकी है।

‘सुनियोजित साजिश थी, सजा भी मिसाल बने’

परिजनों का आरोप है कि दोनों अफसरों की हत्या एक सोची-समझी साजिश थी। बहन सुनीता गुप्ता ने कहा, “हम चार्जशीट का इंतजार कर रहे थे। अब चाहते हैं कि कोर्ट ऐसी मिसाल दे कि कोई HPCL की तरफ आंख उठाकर भी न देखे।”

SSP से मुलाकात के बाद परिवार को उम्मीद है कि अब इंसाफ में देर नहीं होगी। बदायूं की निगाहें अब फास्ट ट्रैक कोर्ट पर टिकी हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस