कुंवरगांव बदायूं । सलारपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव मड़िया भांसी से प्रहलादपुर को जोड़ने वाला मार्ग बदहाली का शिकार हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, कीचड़ और जलभराव होने से ग्रामीणों व राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो गया है, जबकि पैदल चलना भी चुनौती बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया। बरसात के मौसम में जलभराव के कारण समस्या और गंभीर हो गई है। आए दिन वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग आसपास के गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है, लेकिन लंबे समय से उपेक्षा का शिकार होने के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव दीपक गुप्ता ने बताया कि जर्जर सड़क की समस्या को लेकर दोनों ग्राम प्रधानों से बातचीत हो चुकी है तथा मामले को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के संज्ञान में भी लाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग द्वारा जल्द आवश्यक कार्रवाई कर सड़क की समस्या का समाधान कराया जाएगा।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

