3:22 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

अमर ज्योति निधि घोटाला: 15 हजार निवेशकों की रकम फंसी, आरोपियों की गिरफ्तारी को डीएम से गुहार

अमर ज्योति निधि घोटाला: 15 हजार निवेशकों की रकम फंसी, आरोपियों की गिरफ्तारी को डीएम से गुहार।

बदायूं, 02 जून 2026।

अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड घोटाले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और निवेशकों की जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को पीड़ितों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं के साथ पहुंचे निवेशकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि कंपनी निदेशक शशिकांत मौर्य, सूर्यकांत, श्रीकांत समेत अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ बदायूं में चार मुकदमे दर्ज हैं। बरेली में भी कंपनी के खिलाफ केस दर्ज होने की जानकारी है। आरोपियों पर इनाम घोषित है। इलाहाबाद हाईकोर्ट से उनकी याचिकाएं निस्तारित हो चुकी हैं। इसके बाद गिरफ्तारी में कोई कानूनी अड़चन नहीं बची है, फिर भी मुख्य आरोपी अब तक फरार हैं।

जिला बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव एडवोकेट अरविंद पाल सिंह परमार ने बताया कि इस घोटाले से बदायूं के करीब 15 हजार निवेशक प्रभावित हैं। इनमें दिहाड़ी मजदूर, छोटे दुकानदार, महिलाएं, व्यापारी और अधिवक्ता तक शामिल हैं। करोड़ों रुपये की ठगी के चलते कई परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने अपनी कई संपत्तियां पहले ही ठिकाने लगा दी हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि आरोपियों की बची हुई चल अचल संपत्तियों को तत्काल जब्त कर निवेशकों की रकम लौटाई जाए।

एडवोकेट अरविंद पाल सिंह परमार, मुकेश कुमार, गजेंद्र, रूपल, अर्जुन, बबली, लज्जावती, उर्मिला, गुड़िया, रुखसार, राजकुमारी, सफिया और नईम अहमद समेत बड़ी संख्या में पीड़ित निवेशक डीएम कार्यालय पहुंचे।

विज्ञापन एक्सप्रेस