बदायूं
बदायूं में नमाज के बाद बवाल: गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला, छतों से बरसे ईंट-पत्थर
सहसवान के भवानीपुर खल्ली गांव में दो पक्षों में जमकर मारपीट, पथराव का वीडियो वायरल; पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया
केशव गुप्ता
बदायूं/सहसवान। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव भवानीपुर खल्ली में एक मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। नमाज अदा कर घर लौट रहे एक युवक के साथ कथित गाली-गलौज के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, धारदार हथियार लहराए गए और जमकर पथराव हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार गांव निवासी छुट्टन पुत्र कौसर 29 मई को नमाज पढ़कर घर लौटे थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें घर के बाहर बुलाया और आते ही अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला और भड़क गया।
बताया जाता है कि कुछ ही देर बाद दूसरे पक्ष के कई लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंच गए और छुट्टन पर हमला बोल दिया। हमले में छुट्टन के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर उनके परिजन और समर्थक भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच टकराव और बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देखते ही देखते पूरा गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। वायरल वीडियो में कुछ लोग मकानों की छतों पर चढ़कर नीचे खड़े लोगों पर ईंट-पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर भी दे दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो सके।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

