बदायूं
बदायूं में मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
केशव गुप्ता
बदायूं। माध्यमिक शिक्षा विभाग की केंद्रीय एवं प्रदेश स्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेशभर के 1,682 मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं विद्यालय प्रधानों को सम्मानित किए जाने के क्रम में बदायूं में भी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन ही सफलता की कुंजी है तथा विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
इस अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विधायक हरीश शाक्य तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं तथा भविष्य में भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया गया। यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और शिक्षा के प्रति उनकी निष्ठा को और अधिक मजबूत करने वाला साबित हुआ।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
