बदायूं में दोस्त पर जहर देकर हत्या का आरोप, युवक की मौत।
बदांयू 1 जून।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की कृष्णापुरी कॉलोनी में जहरीला पदार्थ खाने से 27 साल के संजीव शर्मा की मौत हो गई। संजीव सब्जी का ठेला लगाकर परिवार चलाते थे।
रविवार को तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पत्नी प्रियंका ने संजीव के दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। प्रियंका का कहना है कि दोस्त ने पहले संजीव की बाइक गिरवी रखवाई और ठेला बिकवा दिया था। कुछ समय पहले वह संजीव को नोएडा ले गया, जहां संजीव का मोबाइल गायब हो गया। 31 मई की सुबह दोस्त संजीव को घर से बुलाकर ले गया और बाद में संजीव बेहोशी की हालत में घर के बाहर मिला।
प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि जहरीला पदार्थ खाने से मौत हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

