दीपांशु के ऑलराउंड प्रदर्शन से बेहटा चैलेंजर्स की शानदार जीत
बीजीपीएल-9: रॉयल चैलेंजर्स को 88 रन से हराया
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बेहटा गुंसाई में आयोजित बीजीपीएल-9 क्रिकेट टूर्नामेंट में खेले गए मुकाबले में बेहटा चैलेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स को 88 रन से पराजित कर एकतरफा जीत दर्ज की। मैच में बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले दीपांशु को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेहटा चैलेंजर्स की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 170 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कप्तान चंद्रपाल उर्फ चंदू ने 49 रन की आक्रामक पारी खेली। इसके अलावा दीपांशु ने 41, यशपाल ने 37 और बाबू ने 34 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रॉयल चैलेंजर्स की ओर से गेंदबाजी में जगतपाल ने दो विकेट लिए, जबकि आयुष, अरुण और ट्विंकल को एक-एक सफलता मिली।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 10 ओवर में 83 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। रॉयल चैलेंजर्स की ओर से ट्विंकल ने सर्वाधिक 21 रन बनाए। इसके अलावा दिलीप ने 19, आयुष ने 13 और जगतपाल ने आठ रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
बेहटा चैलेंजर्स की ओर से गेंदबाजी में दीपांशु ने चार विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। यशपाल ने दो विकेट झटके, जबकि कप्तान चंदू और विशाल ने एक-एक विकेट हासिल किया। मैच में 41 रन बनाने और चार विकेट लेने वाले दीपांशु को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस मौके पर पर शुभम पुरी, ठाकुरदास कोहली, गोपालपुरी, इशु मिश्रा, समोदपुरी, भूरे सैफी, उमेश मौर्य, महेश मौर्य, नीरेश पुरी, सुमित गुप्ता, जयकृष्ण गुप्ता, ध्यानचंद मौर्य, बबलू पुरी, विकास गुप्ता, सचिन शाक्य सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

