3:47 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

गंगा की लहरों में समा गई मासूम की जिंदगी, गांव में पसरा मातम

गंगा की लहरों में समा गई मासूम की जिंदगी, गांव में पसरा मातम।

दोस्तों संग नहाने गया था 12 वर्षीय अभिषेक, एक घंटे बाद मिला शव।

उझानी-बदांयू 31 मई।

तपती दोपहरी में राहत की चाह एक परिवार पर कहर बनकर टूटी। कछला क्षेत्र में रविवार को गंगा स्नान के दौरान 12 वर्षीय बालक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। दोस्तों संग अठखेलियां करता मासूम कब गहरे पानी की चपेट में आ गया, किसी को भनक तक नहीं लगी।

चंदनपुर गांव के पास रविवार सुबह करीब 11 बजे गांव के दर्जन भर बच्चे गंगा किनारे पहुंचे थे। गर्मी से निजात पाने को सभी पानी में उतर गए। इसी दौरान राहुल तोमर का बेटा अभिषेक खेलते-खेलते अनजाने में गहरे कुंड की ओर बढ़ गया। देखते ही देखते वह लहरों के आगोश में समा गया।

साथी बच्चों की चीख-पुकार सुन ग्रामीण दौड़े। जाल,ट्यूब,लाढीयो के सहारे करीब एक घंटे तक तलाश चली। आखिरकार अभिषेक का निष्प्राण शरीर पानी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में परिजन उसे उझानी के अस्पताल ले गए, मगर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इकलौते बेटे की मौत से तोमर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां का विलाप सुन हर आंख नम हो गई। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।

ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी शुरू होते ही बच्चे अक्सर गंगा में नहाने पहुंच जाते हैं। गहराई का अंदाजा न होने और निगरानी के अभाव में हर साल कई जिंदगियां काल के गाल में समा जाती हैं। फिलहाल परिजनों ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कराई है

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस