बदायूं
कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई यूपी संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा की पहली पाली, केंद्रों से मुस्कुराते निकले अभ्यर्थी
केशव गुप्ता
बदायूं। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 की पहली पाली रविवार को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन माहौल में संपन्न हुई। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से बाहर निकलते अभ्यर्थियों के चेहरों पर राहत और संतोष दिखाई दिया।
जिले में कुल 2160 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं केंद्रों के आसपास भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो सके।
दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन करने की अपील की है। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर प्रतिबंध रखा गया है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
