बदायूं
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर कछला गंगा घाट पहुंचे डीएम-एसएसपी, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
केशव गुप्ता
बदायूं। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने रविवार को कछला गंगा घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गंगा स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने निर्देश दिए कि गंगा घाट पर महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने घाट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त प्रबंध करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर मोहित कुमार, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
