बदायूं
ग्राम गुधनी में वैदिक यज्ञ का आयोजन, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने की सहभागिता
केशव गुप्ता
बदायूँ। जनपद बदायूँ के ग्राम गुधनी में वरिष्ठ समाजसेवी एवं आर्य समाज से जुड़े श्री संजीव रूप जी के तत्वावधान में आयोजित वैदिक यज्ञ कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने सहभागिता कर आहुति दी। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और वैदिक जीवन मूल्यों का प्रतीक है। यज्ञ के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सद्भाव, नैतिक मूल्यों तथा लोककल्याण की भावना का प्रसार होता है। उन्होंने कहा कि वैदिक परंपराएं समाज को एकजुट करने और आध्यात्मिक चेतना जागृत करने का कार्य करती हैं।
यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राष्ट्र की उन्नति, समाज की समृद्धि तथा जनमानस के सुख, स्वास्थ्य एवं कल्याण की कामना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने धार्मिक अनुष्ठान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और वैदिक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।





badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com