3:17 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

हाईवे बना धोबी घाट! छात्र ने सड़क पर धोए कपड़े, जाम में फंसे बदायूं-बरेली वाले

हाईवे बना धोबी घाट! छात्र ने सड़क पर धोए कपड़े, जाम में फंसे बदायूं-बरेली वाले”।

बदायूं, 29 मई।

जब सिस्टम के कान पर जूं न रेंगे तो जनता हाईवे को ही धोबी घाट बना देती है। बदायूं-बरेली हाईवे पर मौर्य छात्रावास के एक छात्र ने गंदे पानी से तंग आकर ऐसा धमाका किया कि प्रशासन के साथ-साथ राहगीरों के भी होश उड़ गए।

छात्रावास में महीनों से नलों से गंदा पानी आ रहा था। शिकायत पर शिकायत, पर साहब के दफ्तर की फाइलें हिली तक नहीं। आखिर छात्र का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंचा और उसने बदायूं-बरेली हाईवे को ही लॉन्ड्री बना डाला।

बाल्टी, साबुन और कपड़े लेकर छात्र बीच सड़क पर पसर गया। शर्ट को पटका, जींस को रगड़ा और नारा दिया, “साहब, अब तो शर्म करो!” देखते ही देखते हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। ट्रक वाले हॉर्न पर हॉर्न, बस वाले सिर पर हाथ और कार वाले बोले, “भैया ये धोबी घाट कब से खुल गया?”

पुलिस आई, समझाया-बुझाया, तब जाकर छात्र माने और जाम खुला। छात्र का कहना है, “अफसरों को ज्ञापन देने से कपड़े साफ नहीं होते, इसलिए हाईवे पर धोने पड़े। अब तो शायद इनकी नींद टूटे।”

एक तरफ “स्वच्छ भारत” के पोस्टर चमक रहे हैं, दूसरी तरफ छात्रावास के छात्र गंदे पानी से नहाने-धोने को मजबूर हैं। अब सवाल ये है कि छात्र को हाईवे पर कपड़े धोने पड़ें, इससे बड़ी बेइज्जती प्रशासन की और क्या होगी?

विज्ञापन एक्सप्रेस