बदायूं
केशव गुप्ता
ज्येष्ठ पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसएसपी अंकिता शर्मा व डीएम अवनीश कुमार राय ने बेलाडांडी रामगंगा घाट का किया निरीक्षण
बदायूं। ज्येष्ठ पूर्णिमा स्नान पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा तथा जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने दातागंज क्षेत्र स्थित बेलाडांडी रामगंगा घाट का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि स्नान पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने घाट पर मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ज्येष्ठ पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

