किराएदार युवती से मारपीट, पुलिसकर्मी का नाम लेकर दी जेल भिजवाने की धमकी।
बदांयू 29 मई।
कोतवाली क्षेत्र के पटियाली सराय में मकान मालकिन ने किराएदार युवती व उसकी बहनों से गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि पुलिस चौकी के पूर्व इंचार्ज व सिपाही का नाम लेकर जेल भिजवाने की धमकी दी गई। पीड़िता के साथ अश्लील हरकत का भी आरोप। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटियाली सराय में किराए पर रह रही युवती से मकान मालकिन व उसके परिजनों ने मारपीट कर दी। 21 मई 2026 की रात करीब 10 बजे घर लौटी युवती को गेट के बाहर ही रोक दिया गया। विरोध करने पर गालियां दीं और धमकाया।
पीड़िता रश्मि सिंह पुत्री स्व. दारा सिंह ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी मां व दो बहनों के साथ मंजू पटेल पत्नी रिंकू के मकान में किराए पर रहती है। 21 मई की रात वह बहन नेहा के साथ विधायक से मिलकर लौटी तो घर के गेट पर ताला लगा था। छोटी बहन राखी ने मकान मालकिन से गेट खोलने को कहा तो मंजू ऊपर से गंदी-गंदी गालियां देने लगी।
आरोप है कि गेट खोलने के बाद मंजू ने अंदर आते ही दोबारा ताला लगा दिया और मारपीट शुरू कर दी। मना करने पर धमकी दी कि “रिंकू मौर्य जो नई सराय पुलिस चौकी का इंचार्ज रह चुका है और कोतवाली थाने का फिरोज खान, दोनों से कहकर तुम सबको अंदर करवा दूंगी”। इसी दौरान मंजू का पति रिंकू नीचे आया और बाल पकड़कर मारने लगा।
तहरीर के अनुसार रिंकू ने फोन कर अपने भाई सुधीर को बुला लिया। सुधीर ने रश्मि को पकड़कर बाहर घसीटने की कोशिश की और अश्लील हरकत की। बचने के लिए रश्मि ने सुधीर के हाथ पर दांत से काटा और भाग निकली।
पीड़िता का आरोप है कि वीडियो बनाने पर रिंकू व मंजू ने फोन छीनने की कोशिश की। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड है। मंजू ने छोटी बहन राखी को भी मारा। एक एक्सीडेंट के बाद वाइपर से मारने का वीडियो भी पीड़िता के पास है।
पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मंजू पटेल, पति रिंकू व भाई सुधीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने मकान के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेने की बात कही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com