बदायूं
ग्राम प्रधानों को 6 माह के लिए प्रशासक बनाए जाने पर सलारपुर में सम्मान समारोह, विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
बदायूं। विकासखंड सलारपुर में ग्राम प्रधान संघ द्वारा आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में बदायूं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने प्रतिभाग कर ग्राम प्रधानों को संबोधित किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों को छह माह के लिए प्रशासक का दायित्व सौंपे जाने के उपलक्ष्य में किया गया।
अपने संबोधन में विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार गांवों के विकास और पंचायतों को मजबूत बनाने के लिए ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम प्रधानों को प्रशासक का दायित्व सौंपना ग्रामीण विकास को नई गति देने वाला कदम साबित होगा।
विधायक ने उपस्थित ग्राम प्रधानों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से गांवों में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। उन्होंने ग्राम प्रधानों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गांवों को स्वच्छ, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का “सशक्त ग्राम, समृद्ध प्रदेश” का संकल्प तभी साकार होगा जब गांवों में विकास कार्य पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ आगे बढ़ेंगे। ग्राम प्रधानों को मिला यह अतिरिक्त दायित्व ग्रामीण क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभा के दौरान विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
केशव गुप्ता




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

