7:38 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

फ्राइडे परेड में दिखा अनुशासन का दम, एसपी सौरभ दीक्षित ने पुलिसकर्मियों संग दौड़ लगाकर दिया फिटनेस का मंत्र

फ्राइडे परेड में दिखा अनुशासन का दम, एसपी सौरभ दीक्षित ने पुलिसकर्मियों संग दौड़ लगाकर दिया फिटनेस का मंत्र

शाहजहांपुर। जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, अनुशासित एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड में उन्होंने सलामी लेकर पुलिस बल की कार्यक्षमता और अनुशासन का जायजा लिया। परेड के दौरान एसपी
Qने स्वयं पुलिसकर्मियों के साथ दौड़ लगाकर फिटनेस और सक्रियता का संदेश दिया, जिससे जवानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
परेड निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जवानों के टर्नआउट, अनुशासन एवं परेड की गुणवत्ता को बारीकी से परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से सजग पुलिस बल ही बेहतर कानून-व्यवस्था कायम रख सकता है।
इसके बाद एसपी सौरभ दीक्षित ने पुलिस लाइन परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन कार्यालय, पुलिस मैस तथा पीआरवी वाहनों की व्यवस्थाओं को देखा। मैस में उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिसकर्मियों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन हो।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पीआरवी वाहनों में मौजूद जीवन रक्षक उपकरणों की कार्यशीलता भी जांची। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया त्वरित और प्रभावी होनी चाहिए, ताकि आमजन को समय पर सहायता मिल सके। इसके अलावा अर्दली रूम में विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों और रजिस्टरों का निरीक्षण कर लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं की परेड का अवलोकन करते हुए एसपी ने उन्हें राइफल ड्रिल एवं शस्त्र संचालन की बारीकियों की जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षुओं को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और पेशेवर दक्षता को अपने व्यक्तित्व का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी सौरभ दीक्षित ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील, पारदर्शी एवं सेवा भाव से कार्य करने का संदेश देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस का लक्ष्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को और मजबूत करना भी है।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन/कार्यालय, प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस