बदायूं
सहसवान में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने सड़क पर उतरे ASP ग्रामीण, पुलिस बल के साथ किया पैदल गश्त
सहसवान (बदायूं)। जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने थाना सहसवान क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ प्रभारी निरीक्षक सहसवान सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
पैदल गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने नगर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने आमजन एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने पुलिस कर्मियों को नियमित गश्त, सतर्क निगरानी एवं जनसंपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है तथा आम नागरिकों में विश्वास बढ़ा है।
केशव गुप्ता

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com