श्री रघुनाथ जी मंदिर वार्षिकोत्सव एवं श्री विष्णु महायज्ञ श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सम्पन्न 🌺
बदांयू। आयोजक श्री सनातन धर्म सभा द्वारा श्री रघुनाथ जी मंदिर (पंजाबी मंदिर), बदांयू में आयोजित श्री रघुनाथ जी मंदिर वार्षिकोत्सव, श्री विष्णु महायज्ञ एवं विशाल भंडारा अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कई दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त करते रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ 18 मई से मातृशक्ति द्वारा श्रद्धापूर्वक श्री रामचरितमानस नवान्ह पाठ के साथ हुआ। नौ दिनों तक मंदिर परिसर में गूंजती चौपाइयों, रामनाम संकीर्तन एवं मधुर भजनों ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिरस एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
24 मई को आयोजित “भक्ति की स्वरांजलि – श्री राधा कृष्ण चरणों में” कार्यक्रम एवं श्री राम नवमी शोभायात्रा की सेवाओं में सम्मिलित संस्थाओं के सम्मान समारोह में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर श्री बाल दुर्गा मंडल, श्री सुंदरकांड पाठ समिति एवं श्री विश्व हिन्दू परिषद महिला संकीर्तन मंडल द्वारा भजन प्रस्तुति दी गई।
25 मई को वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य श्री विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। यज्ञाचार्य श्री कृष्ण शंकर पराशरी के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की। इसी दिन रात्रि में आयोजित “श्री राधा नाम प्रेम उत्सव” में पूज्य श्री किशोरी शरण जी महाराज (अमन मिश्री जी) द्वारा प्रस्तुत मधुर भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
26 मई को आयोजित ✨ “एक शाम युगल सरकार के नाम” ✨ कार्यक्रम में भजन जगत के सुप्रसिद्ध स्वर सम्राट श्री मनीष चौहान जी एवं श्री दीपेश सुनेजा जी द्वारा प्रस्तुत दिव्य एवं भावपूर्ण भजनों ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ से खचाखच भरा रहा तथा बाहर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। श्रद्धालुजन भजनों की धुन पर झूमते एवं भक्तिमय नृत्य करते दिखाई दिए।
27 मई को श्री रामचरितमानस नवान्ह पाठ का भावपूर्ण समापन आरती के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर पाठ करने वाली माताओं एवं बहनों को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ आकर्षक उपहार, स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। महिलाओं की भक्ति, अनुशासन एवं समर्पण की सभी श्रद्धालुओं ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
तत्पश्चात वैदिक मंत्रोच्चारण एवं भक्तिमय वातावरण के मध्य श्री विष्णु महायज्ञ की पूर्ण आहुति सम्पन्न हुई। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर भगवान श्री हरि विष्णु से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
पूर्णाहुति उपरांत आयोजित ब्रह्म भोज एवं विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। सभा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सेवकगण श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक प्रसाद वितरित करते एवं सेवा कार्यों में समर्पित दिखाई दिए।
सभा के अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार चड्डा जी ने बताया कि सम्पूर्ण वार्षिकोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्ति भाव देखने को मिला तथा सभी कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुए।
🚩 “जहाँ भक्ति, सेवा एवं सनातन संस्कृति का संगम होता है, वहीं प्रभु कृपा सदैव बरसती है।” 🚩
🙏 जय श्री राधे कृष्ण 🙏





badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
