12:44 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

श्री रघुनाथ जी मंदिर वार्षिकोत्सव में भक्ति रस से सराबोर भव्य भजन संध्या

श्री रघुनाथ जी मंदिर वार्षिकोत्सव में भक्ति रस से सराबोर हुई भव्य भजन संध्या 🌺
बदांयू। आयोजक श्री सनातन धर्म सभा द्वारा श्री रघुनाथ जी मंदिर (पंजाबी मंदिर) में चल रहे वार्षिकोत्सव एवं श्री विष्णु महायज्ञ के अंतर्गत मंगलवार रात्रि आयोजित ✨ “एक शाम युगल सरकार के नाम” ✨ कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित होकर देर रात्रि तक भजन, संकीर्तन एवं प्रभु स्मरण में लीन रहे।
भजन जगत के सुप्रसिद्ध स्वर सम्राट श्री मनीष चौहान जी एवं श्री दीपेश सुनेजा जी द्वारा प्रस्तुत मधुर एवं भावपूर्ण भजनों ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। “राधे-राधे” एवं हरिनाम संकीर्तन के जयकारों से मंदिर परिसर देर रात्रि तक गुंजायमान होता रहा। श्रद्धालुजन भजनों की मधुर धुनों पर झूमते एवं भक्तिमय नृत्य करते दिखाई दिए।
कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भक्ति रस का आनंद लिया। सफेद वस्त्रों से सुसज्जित श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और अधिक दिव्य एवं मनोहारी बना दिया। मंदिर परिसर में उमड़ी श्रद्धालुओं की अपार भीड़ के कारण बाहर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे बाहर उपस्थित श्रद्धालु भी भजन संध्या का आनंद प्राप्त करते रहे।
इस दौरान श्री बाल दुर्गा मंडल द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निरंतर शीतल जल सेवा की गई। भीषण गर्मी के बीच सेवा भाव से की गई इस जल सेवा की श्रद्धालुओं ने सराहना की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रभु श्री राधा कृष्ण की भावपूर्ण आरती सम्पन्न हुई। तत्पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं में श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरण किया गया।
सभा के मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार दुआ ने बताया कि श्री रघुनाथ जी मंदिर वार्षिकोत्सव एवं श्री विष्णु महायज्ञ के अंतर्गत आयोजित समस्त कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बने हुए हैं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन निरंतर कार्यक्रमों में सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
पूरे आयोजन ने श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति, प्रेम एवं आध्यात्मिक आनंद की अमिट छाप छोड़ दी।

विज्ञापन एक्सप्रेस