बदायूं
बदायूं में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक को लगी दो गोलियां; इलाके में फैली दहशत
बदायूं। जनपद के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी की इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव लश्करपुर ओईया निवासी युवक देर रात नंदेरी गांव की ओर स्थित भट्ठे से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने युवक पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले में युवक को दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। घटना की सूचना मिलते ही इस्लामनगर पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
घायल युवक को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए रूदायन स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
केशव गुप्ता

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com