3:17 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

ईद से पहले बदायूँ पुलिस का मेगा फ्लैग मार्च, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का कड़ा पहरा

बदायूं

ईद से पहले बदायूँ पुलिस का मेगा फ्लैग मार्च, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का कड़ा पहरा

बदायूँ। आगामी त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए बदायूँ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जोरदार पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन, प्रभारी निरीक्षक यातायात तथा महिला थाना प्रभारी ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के मुख्य बाजारों, सर्राफा बाजार, मिश्रित आबादी वाले इलाकों और प्रमुख चौराहों पर फ्लैग मार्च किया। पुलिस की मौजूदगी से जहां आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा, वहीं असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा रहा।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान शहर में किसी भी हालत में जाम या अव्यवस्था की स्थिति पैदा न होने पाए। इसके लिए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ थाना पुलिस की भी तैनाती की जाएगी। साथ ही रात के समय विशेष सतर्कता बरतने, मोबाइल पुलिस टीमों द्वारा लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बदायूँ पुलिस की इस सक्रियता से साफ है कि प्रशासन इस बार ईद को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं है और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया है।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस