गंगा स्नान बना काल: कछला घाट के पास दर्दनाक हादसा, किशोर की मौत, मासूम किशोरी लापता
बदायूं। ज्येष्ठ माह के गंगा दशहरा पर्व पर कछला गंगा घाट के पास रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। जनपद हाथरस के ग्राम कानू और ग्राम पिछोती से गंगा स्नान के लिए आए एक ही परिवार के सात लोग गहरे पानी में डूबने लगे। हादसे में 15 वर्षीय किशोर निलेश की मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय किशोरी शिखा लापता है, जिसकी तलाश पुलिस, गोताखोरों और फ्लड पीएसी की टीम लगातार कर रही है।
जानकारी के अनुसार परिवार के सभी सदस्य निर्धारित घाट पर स्नान करने के बजाय कछला घाट से करीब दो किलोमीटर दूर नरोरा की ओर गहरे पानी में उतर गए थे। अचानक तेज बहाव और गहराई के कारण सभी लोग डूबने लगे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, नाविकों और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर पांच लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन दो बच्चे गहरे पानी में समा गए। बाद में किशोर निलेश का शव बरामद कर लिया गया।
घटना की सूचना पर अवनीश कुमार राय और अंकिता शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, महिला श्रद्धालुओं की निगरानी, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और सुरक्षित स्नान व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे केवल निर्धारित गंगा घाटों पर ही स्नान करें और पुलिस द्वारा तय सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर मोहित कुमार, क्षेत्राधिकारी बिसौली संजीव कुमार तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार मौजूद रहे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com