11:41 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

श्री रघुनाथ जी मंदिर वार्षिकोत्सव में भक्ति एवं सम्मान का भव्य आयोजन

बदायूं। श्री रघुनाथ जी मंदिर वार्षिकोत्सव के अंतर्गत रविवार, 24 मई 2026 को मंदिर प्रांगण में रात्रि 8 बजे से हरि इच्छा तक एक भव्य एवं भक्तिमय कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भक्ति रस का आनंद लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री राधा-कृष्ण एवं प्रभु श्रीराम के चरणों में दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। संपूर्ण वातावरण भजन, संकीर्तन एवं हरिनाम स्मरण से भक्तिमय हो उठा। विभिन्न भजन मंडलों द्वारा प्रस्तुत मधुर भजनों एवं संकीर्तन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर श्री राम नवमी शोभा यात्रा में समर्पित भाव से सेवाएँ देने वाली विभिन्न संस्थाओं का सम्मान भी किया गया। आयोजकों द्वारा सेवा भावी संस्थाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। मंच का संचालन कर रहे कुंवर श्री अमित कुमार अरोड़ा जी ने कहा कि धर्म एवं समाज सेवा में ऐसे संगठनों का योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम में श्री बाल दुर्गा मंडल, श्री सुंदरकांड पाठ समिति एवं श्री विश्व हिन्दू परिषद महिला संकीर्तन मंडल द्वारा विशेष भजन एवं हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुतियाँ दी गईं। श्रद्धालुओं ने देर रात तक भक्ति संगीत का आनंद लिया तथा मंदिर परिसर जय श्रीराम एवं राधे-राधे के उद्घोषों से गूंजता रहा।

उक्त कार्यक्रम का आयोजन श्री सनातन धर्म सभा, रजि० बदायूं द्वारा किया गया। सभा के अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार चड्डा जी, महामंत्री श्री ओम प्रकाश कोचर जी एवं संगठन मंत्री श्री संजीव आहुजा जी एंव अन्य गणमान्य पदाधिकारी एंव सदस्यों की उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

श्री सनातन धर्म सभा के मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार दुआ ने बताया कि वार्षिकोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस भक्ति कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना तथा सेवा भाव से जुड़े संगठनों का सम्मान करना है।

सभा के अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार चड्डा जी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं, भजन मंडलों, सहयोगी संस्थाओं एवं सेवा भाव से जुड़े कार्यकर्ताओं का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं समर्पण से ही ऐसे धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न होते हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस