डोडा छिलका और चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवर गांव बदायूं। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुंवरगांव पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में डोडा छिलका और एक चाकू बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने शनिवार रात कुंवरगांव-आंवला रोड पर स्थित सिगोई मोड़ के पास यात्री प्रतीक्षालय से एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शाकिब उर्फ चीता पुत्र शाकिर निवासी थाना के पीछे, कस्बा अलीगंज जनपद बरेली के रूप में हुई। आरोपी की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है।
तलाशी के दौरान युवक के पास से करीब 5 किलो 350 ग्राम डोडा छिलका तथा एक चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कुंवरगांव में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल वीरेश कुमार और कांस्टेबल गौरव शर्मा शामिल रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

