5:04 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

दुगरैय्या में चोरों का आतंक बरकरार, आठ दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ

दुगरैय्या में चोरों का आतंक बरकरार, आठ दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ

कुंवर गांव संवाददाता

विधवा ने वीडियो जारी कर लगाई गुहार, बोली—“न चोरी खुली, न सामान मिला”

कुंवरगांव बदायूं । थाना क्षेत्र के गांव दुगरैय्या में लाखों की चोरी की वारदात के आठ दिन बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। लगातार हो रही चोरियों और पुराने मामलों के खुलासे न होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पीड़िता निघत पत्नी नत्थू ने वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार 15 मई की रात अज्ञात चोरों ने निघत और सफी के घर को निशाना बनाया। चोरों ने नकब लगाकर और निघत के घर से करीब ढाई तोला सोना, 100 ग्राम चांदी तथा 15 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। वहीं पड़ोसी सफी के घर से करीब 50 हजार रुपये नकद समेत सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए।
घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन आठ दिन बीतने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुराने मामलों का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
पीड़िता निघत का कहना है कि घटना के बाद से परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर चोरी का खुलासा करने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी पुलिस गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस