बदायूं
मासूम की मौत के बाद एक्शन में पुलिस: अवैध वाटरपार्क सीज, केयरटेकर गिरफ्तार
बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम हसनैन की वाटरपार्क में डूबकर हुई मौत ने प्रशासनिक लापरवाही और अवैध संचालन की गंभीर तस्वीर उजागर कर दी है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया और मानकों के विपरीत संचालित किए जा रहे वाटरपार्क को सीज करते हुए केयरटेकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम भसराला निवासी जफर का सात वर्षीय पुत्र हसनैन 23 मई को गांव के अन्य बच्चों के साथ भसराला-अलापुर रोड स्थित एक स्विमिंग पूल/वाटरपार्क में नहाने गया था। दोपहर करीब एक बजे नहाते समय बच्चा गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि घटना के बाद वाटरपार्क संचालकों ने पुलिस को सूचना दिए बिना परिजनों के साथ आपसी सहमति से शव को दफना दिया।
मामले की जानकारी पुलिस को 24 मई को मिली, जिसके बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति पर तहसीलदार सदर दीपक कुमार की मौजूदगी में कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम और पंचायतनामा की कार्रवाई कराई गई।
मृतक के पिता जफर की तहरीर पर पुलिस ने वाटरपार्क मालिक जियाउद्दीन और केयरटेकर नदीम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। आरोप है कि स्विमिंग पूल का निर्माण बिना अनुमति कराया गया था और वहां सुरक्षा के कोई मानक पूरे नहीं किए गए थे। न तो लाइफगार्ड की व्यवस्था थी और न ही बच्चों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम।
जांच में प्रथम दृष्टया नियमों की अनदेखी पाए जाने पर प्रशासन ने पूरे वाटरपार्क को सीज कर दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी केयरटेकर नदीम पुत्र रशीद खां निवासी कस्बा अलापुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस संवेदनशील मामले में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर प्रभारी निरीक्षक अलापुर माधो सिंह बिष्ट और हल्का प्रभारी मनोज कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेजी गई है।
मासूम की मौत के बाद उठे सवाल अब सिर्फ एक हादसे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जिले में बिना मानकों के संचालित हो रहे वाटरपार्क और स्वीमिंग पूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहे हैं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

