सिक्स रोड पर नाला निर्माण बना मुसीबत, पांच दिन से खुदाई के बाद जलभराव से व्यापारियों और राहगीरों में आक्रोश
बदायूं। शहर के सिक्स रोड स्थित पुलिस चौकी के पास पोस्ट ऑफिस वाली गली में चल रहा नाला निर्माण कार्य अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता जा रहा है। आरोप है कि पिछले पांच दिनों से छह मजदूरों द्वारा नाले की खुदाई की जा रही है, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से इलाके में गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई है।
स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान पुराने बड़े नाले की दीवार जेसीबी मशीन से तोड़ दी गई, जिसके बाद पानी का निकास पूरी तरह बाधित हो गया। हालत यह है कि करीब पांच फीट गहरे गड्ढे में पानी भर गया है, जबकि ऊपर तक खुदाई होने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग के अधिकारी और जिम्मेदार कर्मचारी मौके पर झांकने तक नहीं पहुंचे हैं। लोगों का कहना है कि न तो सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए हैं और न ही खुदाई स्थल के आसपास बैरिकेडिंग की गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल निर्माण कार्य पूरा कराने, जलनिकासी बहाल करने और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। इलाके के दुकानदारों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
