5:38 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

इस्लामनगर थाना में एसपी की बड़ी कार्रवाई: चौकी प्रभारी और वरिष्ठ उप निरीक्षक लाइन हाजिर

इस्लामनगर थाना में एसपी की बड़ी कार्रवाई: चौकी प्रभारी और वरिष्ठ उप निरीक्षक लाइन हाजिर, अपराध नियंत्रण में लापरवाही पर गिरी गाज

बदायूं। जिले में बढ़ती डकैती, लूट और आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SP) ने इस्लामनगर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में लापरवाही पाए जाने पर कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
पुलिस स्थापना बोर्ड के आदेश के अनुसार, इस्लामनगर थाना क्षेत्र में तैनात प्रभारी चौकी करखा प्रमोद कुमार सिंह को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। वहीं थाना इस्लामनगर में तैनात वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज कुमार को भी हटाकर लाइन हाजिर कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक हाल के दिनों में क्षेत्र में हुई डकैती, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों और अपराध नियंत्रण में ढिलाई को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने यह कार्रवाई की।
जारी तबादला सूची में कई अन्य उप निरीक्षकों और चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। पुलिस विभाग का कहना है कि यह कदम कानून व्यवस्था को मजबूत करने, पुलिसिंग में जवाबदेही तय करने और जनता के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
पुलिस महकमे में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरतने वाले अन्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ती घटनाओं से आम जनता में भय का माहौल था और पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे थे। ऐसे में एसपी की यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन की सख्ती और जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा संदेश मानी जा रही है।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस