महिलाओं ने सड़क व जलभराव की समस्या को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सहसवान (बदायूं) नगर के मोहल्ला गोपालगंज की महिलाओं ने जर्जर सड़क, गहरे गड्ढों और जलभराव की समस्या को लेकर उपजिलाधिकारी सहसवान को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि लंबे समय से मुख्य मार्ग की हालत खराब होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रमोद इंटर कॉलेज से एलआईसी ऑफिस होते हुए गोपालगंज जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलभराव होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों का निकलना मुश्किल हो गया है। महिलाओं ने कहा कि छोटे बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं, जबकि मंदिर और ध्यान केंद्र जाने वाले श्रद्धालुओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा जल निकासी के लिए नालियों की उचित व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई। इसी दौरान एसडीएम ने आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द से जल्द पूरे मामले का निस्तारण कराया जाएगा।


/रविशंकर


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com