बदायूं सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मीरापुर में आज विकास और जनसुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। सदर विधायक महेश चंद गुप्ता ने विधायक निधि से निर्मित नवनिर्मित बारात घर का लोकार्पण कर उसे ग्रामवासियों की सेवा में समर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक महेश चंद गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार गांवों के समग्र विकास, बेहतर जनसुविधाओं और आमजन के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह बारात घर केवल एक भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण समाज की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा, जहां गरीब और सामान्य परिवारों को भी विवाह एवं अन्य आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ कार्य करते हुए गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचा रही है। क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और सामुदायिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत करते हुए क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
