10:08 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में ‘पावर कट’ से हाहाकार: 5 MVA ट्रांसफार्मर ने फिर मारी पलटी, 2 दिन से ‘तंदूर’ बना कस्बा

उझानी में ‘पावर कट’ से हाहाकार: 5 MVA ट्रांसफार्मर ने फिर मारी पलटी, 2 दिन से ‘तंदूर’ बना कस्बा।

‘रिपेयरिंग का झुनझुना थमाते हैं अफसर’: जनता बोली- हर 15 दिन में फुंकता है, कब तक झेलें?

उझानी बदांयू 22 मई।

आग उगलती गर्मी और ऊपर से बिजली विभाग का ‘करंट’…उझानी वालों की हालत तवे पर पड़े पापड़ जैसी हो गई। मंगलवार को 5 MVA का ट्रांसफार्मर फुंका, और 48 घंटे से पूरा कस्बा ‘भट्टी’ में बदल गया। न पानी, न पंखा, न चैन।

’15 दिन की गारंटी’ वाला ट्रांसफार्मर!

लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। आरोप है कि विभाग ‘जुगाड़’ वाले रिपेयरिंग ट्रांसफार्मर लगा देता है जिसकी उम्र 15 दिन से ज्यादा नहीं। पिछली बार भी गर्मी में 5 दिन तक रुलाया था, इस बार 2 दिन से कस्बा बेहाल है। “बिजली विभाग हमें इंसान नहीं, प्रयोग की मशीन समझता है क्या?” – तपते लोग बरस पड़े।

व्यापार ठप, गला सूखा, पसीने से तरबतर

बत्ती गुल होते ही पानी की मोटर ने भी जवाब दे दिया। इन्वर्टर चीख-चीखकर बंद हो गए। दुकानों में अंधेरा, घरों में बच्चे-बूढ़े बिलबिला रहे। गर्मी में उबलती जनता पूछ रही है- “बिल समय पर, तो बिजली क्यों नहीं?”

तीसरे दिन जागा विभाग, शाम 6 बजे का ‘वादा’

हल्ला-हंगामे के बाद शुक्रवार सुबह विभाग की टीम नया ट्रांसफार्मर लेकर ‘अवतरित’ हुई। XEN एसपी गौतम का दावा है, “वैकल्पिक सप्लाई दी थी। अब नया ट्रांसफार्मर लगा रहे हैं। टेस्टिंग ओके रही तो शाम 6 बजे तक उझानी रोशन हो जाएगा।”

उझानी की जनता अब घड़ी देख रही है…देखना है कि साहब का ‘6 बजे वाला वादा’ फ्यूज होता है या इस बार सच में ‘बत्ती’ आती है।

विज्ञापन एक्सप्रेस